‘सनातन संस्था’ के साधकों से अवैध रूप से पूछताछ का सिलसिला जारी !

Article also available in :

पिछले कुछ दिनों से यह ध्यान में आया है कि सनातन संस्था के साधकों, हितचिंतकों और विज्ञापनदाताओं से पुलिस द्वारा अवैध रूप से पूछताछ की जा रही है। पुलिस, पुलिस पाटिल, साइबर शाखा और ‘एटीएस’ के अधिकारी होने का दावा करते हुए सनातन के साधकों को पूछताछ के लिए पुलिस थाने बुलाने की धमकी दी जा रही है। गंभीर बात यह है कि इन पूछताछों से नाम हटाने के लिए रिश्वत भी मांगी जा रही है। सनातन संस्था और उसके साधकों का किसी भी अपराध से दूर-दूर तक संबंध न होने के बावजूद इस प्रकार अवैध पूछताछ होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अन्यायपूर्ण है।

बाई ओर से अधिवक्ता वीरेंद्र इचलकरंजीकर, श्री अभय वर्तक और श्री. सतिश कोचरेकर

आखिर किन कारणों से ये पूछताछ की जा रही हैं? क्या वास्तव में पुलिस प्रशासन इन पूछताछों को कर रहा है अथवा इसके पीछे कुछ भ्रष्ट या सनातन-विरोधी पुलिस अधिकारी हैं? इन विषयों की जांच करने के लिए हमने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक से भेंट की।

इस अत्यंत गंभीर मामले में तत्काल संज्ञान लेकर सामान्य परिवारों से आने वाले, साधना करने वाले सात्त्विक एवं निर्दोष साधकों से पूछताछ तुरंत बंद की जाए, ऐसी मांग महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक से की गई है। यह जानकारी सनातन संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री. अभय वर्तक ने आज आयोजित पत्रकार परिषद में दी। मुंबई मराठी पत्रकार संघ में आयोजित इस पत्रकार परिषद में हिंदू विधिज्ञ परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता वीरेंद्र इचलकरंजीकर और हिन्दू जनजागृति समिति के प्रवक्ता श्री. सतिश कोचरेकर भी उपस्थित थे।

इस प्रकरण में हमने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक, एटीएस विभाग के महानिदेशक तथा सोलापुर जिले के पुलिस अधीक्षक से भेंट कर उन्हें निवेदन दिया और यह पूछा कि ‘सनातन संस्था के साधकों से किन कारणों से पूछताछ की जा रही है?’ इस पर पुलिस प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि ऐसी किसी भी पूछताछ के लिए कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं।

यह अत्यंत गंभीर विषय है। आखिर कौन से अधिकारी इस प्रकार अवैध पूछताछ करने के आदेश दे रहे हैं? जिन निर्दोष साधकों ने कभी पुलिस थाने की सीढियां तक नहीं चढीं, उन्हें परेशान किया जा रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही, इस प्रकार अवैध पूछताछ करके, धमकाकर और रिश्वत मांगकर सामान्य एवं निर्दोष साधकों को परेशान करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ऐसी मांग भी इस अवसर पर की गई। संस्था के हितचिंतकों, साधकों के परिजनों तथा अर्पणदाताओं से भी अनुचित पूछताछ की जा रही है। यह अत्यंत गंभीर एवं पीडादायक है, ऐसी व्यथित प्रतिक्रिया श्री. वर्तक ने व्यक्त की।

आपका नम्र,

श्री. अभय वर्तक,
प्रवक्ता, सनातन संस्था


सनातन संस्था के साधकों एवं हितचिंतकों के लिए सूचना

वर्तमान में पुलिस तथा सीबीआई के अधिकारी होने का दावा करते हुए फोन करके पूछताछ के नाम पर सामान्य नागरिकों के साथ धोखाधड़ी तथा ‘डिजिटल अरेस्ट’ (आभासी गिरफ्तारी) जैसे अपराध किए जा रहे हैं, इसका खुलासा केंद्र सरकार तथा विभिन्न बैंकों द्वारा किया गया है। सनातन संस्था और हिन्दू जनजागृति समिति के साधकों, हितचिंतकों एवं धर्मप्रेमियों के संदर्भ में भी इस प्रकार की कुछ घटनाएं सामने आई हैं।

हमने कोई अपराध अथवा अनुचित कार्य नहीं किया है, फिर भी केवल पुलिस का फोन आया है, इसलिए घबराकर फोन करनेवाले व्यक्ति के वास्तव में पुलिस अधिकारी होने अथवा ठग होने की पुष्टि किए बिना कुछ लोग ऐसे धोखाधडी के मामलों में फंस रहे हैं।

यदि पुलिस को किसी व्यक्ति से पूछताछ करनी हो, तो उसके लिए आधिकारिक नोटिस अथवा संदेश भेजना आवश्यक होता है। इसलिए पूछताछ अथवा अन्य किसी कारण से पुलिस का फोन आने पर या पुलिस थाने में बुलाए जाने पर क्या करना चाहिए, इसकी जानकारी यहां दी जा रही है।

१. पुलिस द्वारा नाम पूछे जाने पर क्या करें?

यदि पुलिस साधक से उसका नाम अथवा पहचान पूछती है, तो साधक का भी यह कर्तव्य है कि वह पुलिसकर्मी का नाम, पद तथा पुलिस थाने की जानकारी पूछकर अपनी पहचान बताए। यदि पुलिसकर्मी प्रत्यक्ष रूप से घर पर आते हैं, तो उनसे अपना पहचान-पत्र दिखाने के लिए कहें। साथ ही, पूछताछ करने का कारण विनम्रतापूर्वक पूछें।

२. पुलिस द्वारा लिखित सूचना दिए बिना फोन अथवा अन्य माध्यम से संपर्क कर पुलिस थाने में आने के लिए कहे जाने पर क्या करें?

यदि पुलिस बिना कोई लिखित सूचना दिए फोन अथवा अन्य किसी माध्यम से संपर्क कर पुलिस थाने में आने के लिए कहती है, तो साधकों को घबराना नहीं चाहिए। साधक शांतिपूर्वक संबंधित पुलिसकर्मी का नाम तथा वे किस पुलिस थाने से बोल रहे हैं, यह जानकारी पहले प्राप्त करें। इसके बाद उनसे पूछें कि किस कारण से पुलिस थाने में बुलाया जा रहा है।

यदि पुलिसकर्मी द्वारा बताया गया कारण अपर्याप्त हो अथवा वे कारण बताने में टालमटोल करें, तो उनसे लिखित सूचना देने का अनुरोध करें। यदि पुलिस लिखित सूचना देने से बचती है, तो नागरिकों के लिए पुलिस थाने जाना अनिवार्य नहीं है।

३. शारीरिक समस्या, कोई महत्त्वपूर्ण कार्य अथवा बाहरगांव जाने के कारण पुलिस थाने जाना संभव न हो, तो इसकी सूचना पुलिस को दें।

यदि शारीरिक समस्या, कोई महत्त्वपूर्ण कार्य, बाहरगांव जाने अथवा अन्य किसी कारण से पुलिस थाने जाना संभव न हो, तो इसकी जानकारी पुलिस को दें। संभव हो तो उनके फोन नंबर पर संदेश भेजकर लिखित रूप में भी सूचित करें। केवल पुलिस द्वारा पुलिस थाने में बुलाए जाने के कारण अपने किसी महत्त्वपूर्ण कार्य को टालें नहीं।

४. पुलिस द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर न घबराते हुए, संयमपूर्वक एवं सत्य जानकारी के आधार पर दें।

५. पूछताछ का पूरा विवरण लिखकर रखें।

यदि बातचीत का ध्वनि-मुद्रण (ऑडियो रिकॉर्डिंग) करना चाहते हैं, तो इसकी पूर्वसूचना पुलिस को दें। प्रत्यक्ष रूप से पूछताछ होने पर उसकी तिथि, समय तथा अन्य संबंधित विवरण लिखकर रखें। यदि ‘सीसीटीवी’ का चित्रण उपलब्ध हो, तो उसे सुरक्षित रखें।

६. पुलिस द्वारा फोन किए जाने पर, पुलिसकर्मियों के घर आने पर अथवा किसी भी कारण से पैसों की मांग किए जाने पर इसकी जानकारी तुरंत जिले के उत्तरदायी साधकों को दें।

७. पुलिस की किसी भी पूछताछ के संबंध में अधिवक्ताओं से कानूनी सलाह लेना नागरिकों का अधिकार है।

Leave a Comment