परम पूज्य समर्थ शिवानंद स्वामी महाराज (भीष्माचार्य) का महासमाधि गमन !

7 नवंबर को ‘षोडशी’ विधि एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

पुणे – हिन्दू धर्मप्रसार, योगसाधना एवं अध्यात्म के प्रसार हेतु अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले संन्यासी प.पू. सद्गुरु समर्थ शिवानंद स्वामी महाराज (भीष्माचार्य) (आयु 47 वर्ष) ने हाल ही में क्रियायोग के माध्यम से देहत्याग कर महासमाधि ग्रहण की। 24 अक्टूबर को प्रातः 9.30 बजे उत्तराखंड में उनका देवलोकगमन हुआ। उनके देहत्याग से आध्यात्मिक एवं योगक्षेत्र में ऐसी रिक्तता उत्पन्न हुई है, जिसकी पूर्ति करना संभव नहीं है। उनकी संन्यासी परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार संपन्न किए गए हैं। आगामी 7 नवंबर को स्वामीजी की अंतिम संस्कार से संबंधित ‘षोडशी’ विधि तथा भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है।

स्वामीजी ने पुणे आकर ‘इंचगिरी संप्रदाय’ के अनुसार लगातार 12 वर्षों तक एकाग्रचित्त होकर कठोर साधना की तथा संन्यास दीक्षा ग्रहण की। साधना के बल पर आध्यात्मिक सामर्थ्य प्राप्त करने के पश्चात उन्होंने ‘अष्टांग योग परिवार’ एवं ‘क्रियायोग परिवार’ के माध्यम से व्यापक आध्यात्मिक कार्य का विस्तार किया। हिन्दू धर्म एवं क्रियायोग के प्रसार हेतु उन्होंने पूरे भारत में निरंतर भ्रमण किया। देशभर में उनसे अनेक शिष्य जुडे हुए थे। पुणे के धनकवडी एवं कात्रज सहित अनेक क्षेत्रों में उन्होंने लंबे समय तक सत्संग के माध्यम से आध्यात्मिक मार्गदर्शन किया।

लगभग एक वर्ष पूर्व उन्हें दिल्ली के ‘एम्स’ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें कैंसर होने का पता चला; किंतु शिष्यों एवं समाज की साधना में कोई बाधा उत्पन्न न हो और किसी को चिंता न हो, इस उद्देश्य से उन्होंने अपनी बीमारी के विषय में किसी को भी जानकारी नहीं दी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के पश्चात भी उन्होंने अपनी शारीरिक व्याधियों की परवाह न करते हुए पूर्ववत पूरे वर्ष देशभर में निरंतर भ्रमण किया और धर्मप्रसार का कार्य जारी रखा।

सनातन संस्था के कार्य में सहभाग एवं सहयोग !

प.पू. समर्थ शिवानंद स्वामी महाराज सनातन संस्था के कार्य में सहभागी होते थे तथा सहयोग भी प्रदान करते थे। संस्था के धर्मप्रसार एवं समाजकल्याण के कार्यों के विषय में वे सदैव आत्मीयता से जानकारी लेते रहते थे। उन्होंने गोवा स्थित सनातन संस्था के रामनाथी आश्रम में भी सद्भावना भेंट दी थी। आश्रम का भ्रमण करने के पश्चात वहां का अनुशासित, भावपूर्ण एवं सात्त्विक वातावरण अनुभव कर उन्होंने अपने प्रशंसापूर्ण विचार व्यक्त किए थे।

संस्था के साधकों की निष्काम सेवा-भावना देखकर उन्होंने कहा था, ‘‘आप सभी ने सांसारिक सुख-सुविधाओं का त्याग कर यह महान ईश्वरीय कार्य अपने हाथों में लिया है। आपके गुरुदेव वास्तव में अत्यंत महान हैं। आश्रम देखकर मुझे आनंद की अनुभूति हुई और हिन्दू राष्ट्र की संकल्पना को गति मिली। साधना एवं स्वाध्याय के साथ-साथ आश्रम में की जाने वाली सेवा और शोधकार्य हिन्दू राष्ट्र की स्थापना के मार्ग को और अधिक सशक्त बनाएंगे।’’

Leave a Comment