रामनाथी (गोवा) स्थित सनातन के आश्रम में 11 से 20 अक्टूबर की अवधि में विश्वकल्याण हेतु विभिन्न यज्ञ भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए !

सूखे एवं आर्थिक संकट के समय अष्टलक्ष्मी यज्ञ करना फलदायी !

रामनाथी (फोंडा, गोवा) – आपातकाल में भक्तों की रक्षा हो, उन्हें धन-धान्य की कमी न हो तथा रामराज्य के समान हिन्दू राष्ट्र की स्थापना शीघ्रातिशीघ्र हो, इस उद्देश्य से समृद्धि प्रदान करने वाली आदिशक्ति का जागरण सनातन के आश्रम में किया गया। सनातन संस्था की ओर से यहां स्थित सनातन के आश्रम में नवरात्रि के अवसर पर 11 से 20 अक्टूबर की अवधि में विभिन्न यज्ञ संपन्न हुए।

11 अक्टूबर अर्थात घटस्थापना से लेकर 17 अक्टूबर तक आदिशक्ति के अष्टस्वरूपों – ‘आदिलक्ष्मी’, ‘गजलक्ष्मी’, ‘संतानलक्ष्मी’, ‘धनलक्ष्मी’, ‘धान्यलक्ष्मी’, ‘विजयलक्ष्मी’, ‘धैर्यलक्ष्मी’ और ‘ऐश्वर्यलक्ष्मी’ की कृपा प्राप्त होने हेतु यज्ञ किए गए। 18 और 19 अक्टूबर को ‘नवचंडी यज्ञ’ तथा 20 अक्टूबर को विजयादशमी के शुभ अवसर पर ‘साम्राज्यलक्ष्मी यज्ञ’ भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

इन 10 दिनों की अवधि में सनातन संस्था तथा महर्षि अध्यात्म विश्वविद्यालय के साधकों ने देवी के चरणों में गायन एवं नृत्य की सेवा अर्पित की। ‘रामराज्य के समान हिन्दू राष्ट्र की शीघ्रातिशीघ्र स्थापना हो, सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. आठवलेजी का महामृत्युयोग टल कर उन्हें स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन प्राप्त हो तथा साधकों के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्तर के कष्ट दूर हों’, इन उद्देश्यों की पूर्ति हेतु ये यज्ञ किए गए। इस अवसर पर सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. आठवलेजी की आध्यात्मिक उत्तराधिकारीश्रीसत्‌शक्ति (श्रीमती) बिंदा नीलेश सिंगबालजी एवं श्रीचित्‌शक्ति (श्रीमती) अंजली मुकुल गाडगीलजी, साथ ही सनातन के सद्गुरुओं एवं संतों की वंदनीय उपस्थिति रही। सनातन के आश्रम के साधकों ने इन यज्ञों का लाभ लिया।

सनातन वेदपाठशाला के पुरोहित श्री. अमर जोशी, श्री. सिद्धेश करंदीकर तथा श्री. दामोदर वझेगुरुजी एवं श्री. पवन बर्वे ने यज्ञ का पौरोहित्य किया। सभी ने यज्ञ का उद्देश्य पूर्ण होने हेतु प्रार्थना की। साथ ही, यज्ञ से उत्पन्न दिव्य ऊर्जा, शक्ति एवं चैतन्य का लाभ प्राप्त किया।

वर्तमान में भारत के अनेक राज्यों में सूखे की स्थिति है। सूखे, आर्थिक संकट अथवा पानी की कमी के समय अष्टलक्ष्मी हवन करना अत्यंत शुभ एवं फलदायी माना जाता है। सूखे के संकट को दूर करने हेतु ‘धान्यलक्ष्मी’, आर्थिक संकट का सामना करने हेतु ‘धनलक्ष्मी’ एवं ‘ऐश्वर्यलक्ष्मी’ की उपासना फलदायी होती है। यज्ञ में दी गई आहुतियों एवं मंत्रोच्चार के कारण वातावरण की नकारात्मकता दूर होकर सर्वत्र चैतन्य का संचार होने की अनुभूति सभी साधकों ने की।

Leave a Comment