साधनाविषयी शंकानिरसन

Article also available in :

अध्यात्म के सैद्धांतिक भाग का कितना भी अध्ययन किया जाए, फिर भी यदि मन में उठने वाली शंकाओं का निरसन नहीं हुआ, तो साधना ठीक प्रकार से नहीं हो पाती। इस दृष्टि से गांव-गांव के जिज्ञासुओं और साधकों के मन में सामान्यतः उत्पन्न होने वाली अध्यात्मशास्त्र के सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक भाग से संबंधित शंकाओं का सनातन के प्रेरणास्थान परम पूज्य डॉ. आठवलेजी ने निरसन किया है । ‘शंकानिरसन’ इस सदर के माध्यम से प्रश्नोत्तर के रूप में इसे सभी पाठकों के लिए उपलब्ध करा रहे हैं । इसका अध्ययन करके अधिक से अधिक जिज्ञासु उचित साधना का आरंभ करें और जीवन को सही अर्थ में सार्थक करें, यही श्रीकृष्ण के चरणों में प्रार्थना है !

अध्यात्म में तात्त्विक जानकारी को केवल २ प्रतिशत महत्त्व है, जबकि प्रायोगिक भाग अर्थात् साधना को ९८ प्रतिशत महत्त्व है। साधना करते समय विभिन्न कठिनाइयों पर कैसे विजय प्राप्त करें, साधना के प्रति दृष्टिकोण क्या हो, साधना में आने वाली व्यावहारिक बाधाओं पर कैसे मात करें आदि विषयों से संबंधित प्रायोगिक स्तर के प्रश्नों के उत्तर इसमें दिए गए हैं।

 

अ. साधना – प्रायोगिक

प्रश्न : व्यवसाय के अत्यंत महत्त्वपूर्ण कार्य सामने हैं और ऐसी परिस्थिति उत्पन्न हो गई है कि उन्हें करना ही आवश्यक है । ऐसे समय में व्यवसाय को भूलकर सेवा को महत्त्व देना कहां तक उचित है?

उत्तर : जिन्हें व्यवसाय महत्त्वपूर्ण लगता है या मन में विकल्प आते हैं, उन्हें पहले व्यवसाय ही करना चाहिए । बुद्धि को कोई सूत्र समझ में आने के बाद उसे तुरंत आचरण में लाना चाहिए ।

सनातन संस्था के श्रद्धास्थान प.पू. भक्तराज महाराज के उत्तराधिकारी प.पू. रामानंद महाराज को गुरु कहते थे, ‘रामजी, चलो’; तब वे तुरंत निकल पडते थे। उन्होंने कभी पत्नी की परवाह नहीं की कि वह क्या कहेगी? उन्होंने ऐसा विचार भी नहीं किया। प.पू. भक्तराज महाराज की पत्नी (जीजी) हों या रामानंद महाराज की पत्नी (अक्का), उनके लिए एक प्रकार से वनवास ही था । ये दोनों पति लगभग चालीस वर्षों तक भ्रमण करते रहे। गांव-गांव गए । उस समय उनकी पत्नियां घर पर रहती थीं ।  यदि उन्होंने ऐसा विचार किया होता कि, ‘अरे, हमारी पत्नी घर पर अकेली है, कैसे होगा ?’ तो क्या होता ? परंतु उन्होंने ऐसा विचार नहीं किया; इसलिए वे ‘महाराज’ बने ।

रामजीदादा का एक और उदाहरण है । वे कभी-कभी एक-एक महीने तक कार्यालय नहीं जा पाते थे । महाराज ने कहा, ‘चलो’, तो वे निकल पडते ! एक महीने पश्चात दौरे से लौटने पर उन्हें पता होता था कि इस महीने का वेतन नहीं मिलेगा । किसी न किसी से ऋण ही लेना पडेगा; परंतु कार्यालय पहुंचने पर अधिकारी कहते थे, ‘‘अरे, आप वेतन लेना भूल गए ।’’ अर्थात उस समय उनके स्थान पर गुरु द्वारा निर्मित एक दूसरा ‘रामजीदादा’ होता था । वह उनके सभी कार्य कर देता था । ऐसा केवल पहले के समय में ही हुआ था, ऐसा नहीं है, अपितु आज भी ऐसा हो रहा है । इसके लिए आपकी उतनी ही श्रद्धा होनी चाहिए और गुरुआज्ञा का पालन करने की क्षमता होनी चाहिए ।

जो लोग यह सोचते रहते हैं कि हमारा व्यवसाय, घर के काम, हमारे कर्तव्य आदि हैं, वे अधिकांशतः जीवनभर उसी स्तर पर बने रहते हैं । यह बोध होना चाहिए कि ‘यह सब माया है । मुझे इससे बाहर निकलना है । यह जीवन का कर्तव्य है ।’ जिसे परमेश्वर की प्राप्ति ही जीवन का उद्देश्य समझ में आ जाता है, वही इससे बाहर निकल सकता है । अन्यथा व्यक्ति इसी में फंसा रहता है ।

मैं चिपलूण से सिंधुदुर्ग की ओर आ रहा था । उसी परिसर के कुछ साधकों से मैंने सहज ही पूछा, ‘‘क्या आप सिंधुदुर्ग आते हैं ?’’ उन्होंने कहा, ‘‘आते, लेकिन…’’ बस ! ‘लेकिन’ आ गया तो सारी गडबड हो गई । ‘लेकिन’, ‘परंतु’ नहीं चल सकता । स्वयं को पूरी तरह समर्पित करना आना चाहिए, तभी कुछ साध्य होने वाला है । इसके विपरीत, अलोरा के दो साधक मेरे साथ आए । उनसे पूछा, ‘‘आते हो ?’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम तो आने ही वाले हैं।’’ मैंने पूछा, ‘‘कपडे आदि ?’’ उन्होंने कहा, ‘‘कुछ नहीं, ऐसे ही आते हैं ।’’ अर्थात चार दिन सिंधुदुर्ग में रहना है, तो नहाने के लिए तौलिया, बिछाने-ओढने के लिए बिस्तर आदि चाहिए ? वैसे तौलिया, बिछाने-ओढने की व्यवस्था आदि जहां जाते हैं, वहां मिल जाएगी; परंतु कम से कम कपडे तो अपने होने चाहिए न ? वे भी नहीं ! अर्थात जो लोग ऐसा कर पाते हैं, वे कुछ न कुछ साध्य कर लेते हैं ।

प्रश्न : साधना जैसी होनी चाहिए, वैसी नहीं हो पाती । कुछ न कुछ कठिनाइयां आती हैं और बीच में ही उठना पडता है ।

उत्तर : प्रारंभ में शारीरिक कठिनाइयां आती ही हैं । हमें एक ही स्थान पर बैठने की आदत नहीं होती । नामजप करना शुरू किया, तो कहीं खुजली होने लगी, गर्दन में दर्द होने लगा, पीठ में दर्द होने लगा, ऐसा होता ही रहता है । जब हम साधना करने लगते हैं, तब इस प्रकार की कठिनाइयां आती रहती हैं । उन पर विजय प्राप्त करने के लिए दृढ इच्छाशक्ति होनी चाहिए । साईबाबा ने कहा ही है, ‘श्रद्धा और सबूरी’ । साधना में निरंतरता बनी रहनी चाहिए ।

प्रश्न : हमारी साधना उचित मार्ग पर हो रही है, अर्थात् वह निर्दोष है या सदोष है, यह कैसे समझें?

उत्तर : साधना करते समय जब हमारी कठिनाइयां धीरे-धीरे दूर होने लगें, तब समझना चाहिए कि साधना उचित प्रकार से हो रही है । साधना करते समय हमारे मन को मिलने वाले आनंद में दिन-प्रतिदिन वृद्धि होने लगे और अगले-अगले चरण की अनुभूतियां होने लगें, तब समझना चाहिए कि हमारी साधना उचित प्रकार से चल रही है । अधिकांश लोगों की साधना में आने वाली कठिनाइयां दूर होने में समय लगता है । हमें स्वयं यह समझ में नहीं आ सकता । ऐसे समय में जो लोग हमसे अधिक उन्नत हैं, उनसे पूछना चाहिए कि हमारी साधना उचित है या नहीं । सनातन संस्था के सत्संग में किए जाने वाले मार्गदर्शन के अनुसार यदि आप साधना करते रहेंगे, तो वह उचित ही होगी ।

किसी बच्चे को यह शंका नहीं होती कि वह जो पढाई कर रहा है, वह उचित है या अनुचित । विद्यालय में शिक्षक उसे पाठ्यपुस्तकों का अध्ययन करवाते हैं, घर पर माता-पिता उसे पढाते हैं और वह स्वयं भी पढाई करता है । सभी साधकों की वृत्ति भी ऐसी ही होनी चाहिए।

अध्यात्म में किसी का मार्गदर्शन लेकर ही आगे बढना पडता है । जिसके विषय में यह होता है कि ‘मैं, अपनी साधना अकेले बैठकर करता हूं, उसे ऐसे प्रश्न उत्पन्न होते हैं । जो सत्संग में जाता है, उसे निःशंक मन से साधना करनी चाहिए ।

प्रश्न : हमारे पास आने वाले अधिकांश साधकों की बातों से लगता है कि उन्हें बहुत भटकना पडता है । सहज रूप से भेंट नहीं हो पाती। इसके पीछे बुरी शक्तियों का कष्ट है या गुरु परीक्षा लेते हैं ?

उत्तर : अध्यात्म में हमेशा ही भटकना पडता है । हमारे गुरु प.पू. भक्तराज महाराज के साथ मैं (प.पू. डॉ. आठवले) २-३ वर्षों तक इंदौर से विशाखापट्टणम तक विभिन्न स्थानों पर घूमता रहा । यह भी साधना का ही एक भाग होता है । अलग-अलग स्थानों के साधक कैसे रहते हैं, कैसे बोलते हैं, कैसे व्यवहार करते हैं, उनकी समस्याएं कैसी होती हैं, यह सब सीखना चाहिए न ! एक छोटे से तालाब में या कुएं में रहने से वह कुआं समुद्र लगता है ।

गुरु परीक्षा लेते ही नहीं हैं । उन्हें परीक्षा लेने की आवश्यकता ही नहीं होती । जहां गुरु को सब कुछ ज्ञात होता है, वहां परीक्षा लेकर यह देखने की आवश्यकता नहीं होती कि शिष्य में कितनी योग्यता है।

बच्चों ने कितना अध्ययन किया है, उन्हें गणित हल करना आता है या नहीं, पहाडे याद हैं या नहीं, यह शिक्षक को केवल देखकर पता नहीं चलता । इसलिए शिक्षक के लिए परीक्षा लेना आवश्यक है; लेकिन गुरु को सब पता होता है । वे यह परीक्षा केवल दूसरों को यह दिखाने के लिए लेते हैं कि, ‘यह मेरा कितना अच्छा शिष्य है ।’

कल्याणस्वामी की परीक्षा रामदासस्वामी ने ली थी । उन्होंने कल्याणस्वामी से कहा कि जिस डाल पर वे बैठे थे, उसे तने की ओर से काटें । ऐसा करने के कारण कल्याणस्वामी कुएं में गिर पडे । रामदासस्वामी को पहले से ही पता था कि यह डाल काटेगा, कुएं में गिरेगा, उन्हें सब कुछ ज्ञात था । अंत में समर्थ ने कल्याणस्वामी को संभाल ही लिया । उन्होंने पूछा, ‘‘अरे, कैसे हो ?’’ कल्याणस्वामी ने कहा, ‘‘आनंद में हूं ।’’

समर्थ के जाने के बाद भी कल्याणस्वामी ने समर्थ का कार्य आगे चलाया । उनकी योग्यता लोगों को समझ में आए, इसलिए यह सब हुआ था ।

प्रश्न : गुरुआज्ञा का भावार्थ समझने में बहुत समय लग जाता है । कभी-कभी सब कुछ हो जाने के बाद समझ में आता है । इसका उपाय क्या है ?

उत्तर : प्रारंभ में गुरु क्या कहना चाहते हैं, यह हमें समझ में ही नहीं आता । उनके साधारण-से साधारण कथन का भावार्थ भी हमें समझ में नहीं आता । उसे समझने के लिए सनातन संस्था ने ‘बाबा की सीख’ (परम पूज्य भक्तराज महाराजजी की सीख) नामक ग्रंथ प्रकाशित किया है । उसमें गुरुआज्ञा के सैकडों उदाहरण दिए गए हैं ।

भजन के ग्रंथ में भी भजनों की पंक्तियों का भावार्थ दिया गया है । इन दोनों ग्रंथों का अध्ययन करने के बाद संतों की भाषा कैसी होती है और उसका वास्तविक भावार्थ क्या होता है, यह समझने की आदत लग जाएगी ।

जब एक संत के कथन का अर्थ समझ में आने लगेगा, तब सभी संतों के कथनों को समझना भी धीरे-धीरे आने लगेगा ।

प्रश्न : साधना निरंतर नहीं हो पाती । साधना के लिए प्रतिदिन कितना समय देना चाहिए ?

उत्तर : हमारी बुद्धि में दृढ निश्चय न होने के कारण साधना में निरंतरता नहीं रहती । ‘निश्चयात्मक बुद्धि’ – हमारे मन, चित्त, बुद्धि और अहंकार, इन प्रत्येक का कार्य निश्चित होता है । संकल्प और विकल्प उत्पन्न करना मन का कार्य है । विकल्पों के कारण साधना में बाधाएं आती हैं । जब मनोलय होगा, उसी समय हमारे सभी विकल्प और बाधाएं समाप्त हो जाएंगी । उससे पहले नहीं । मनोलय होने के लिए पुनः साधना, अर्थात् नामजप करना, सत्संग में जाना, सत्सेवा करना, सत्कार्य के लिए त्याग करना, यह सब करना पडता है । इसका प्रमाण कितना होना चाहिए, इसका कोई विशेष अर्थ नहीं है । बुद्धि से दृढ निश्चय करके उत्तम साधक और उत्तम शिष्य बनना आना चाहिए । जिस क्षण साधना और अध्यात्म का महत्त्व समझ में आता है, उसी क्षण जो व्यक्ति अपना सर्वस्व त्याग देता है, वह मुक्त ही हो जाता है । उसे सर्वोत्तम शिष्य कहा जाता है । बुद्धि में दृढ निश्चय होना ही महत्त्वपूर्ण है ।

हमारी बुद्धि में यह निश्चितता नहीं होती कि यदि हमने अपना सर्वस्व त्याग दिया और कल भगवान ने हमारी कोई सहायता नहीं की, तो क्या होगा ? भक्त प्रह्लाद की कथा तो हमें ज्ञात ही है । प्रह्लाद को उबलते हुए तेल की कड़ाही में डाला गया, पहाड से नीचे फेंका गया, फिर भी उसे श्रद्धा थी कि भगवान उसकी रक्षा करेंगे; इसलिए भगवान ने उसकी रक्षा की । उसके लिए भगवान को नृसिंह अवतार धारण करके स्तंभ से प्रकट होना पडा । जितनी हमारी श्रद्धा होगी, उतने ही उस अनुपात में भगवान प्रकट होंगे ।

श्रद्धा अनुभूति से उत्पन्न होती है । अनुभूति साधना करने के बाद ही आती है । साधना होने के लिए अध्यात्म पर विश्वास होना चाहिए और विश्वास अध्यात्म के अध्ययन से उत्पन्न होता है । अध्यात्म का केवल वाचन नहीं, अपितु उसका अध्ययन करना चाहिए ।

प्रश्न : अध्यात्म में हमारी कितनी प्रगति हुई है अथवा प्रगति हो रही है या नहीं, यह कैसे समझें ?

उत्तर : हमारी अध्यात्म में प्रगति हो रही है या नहीं, इसके विषय में एक अच्छी बात है । एक शिष्य ने अपने गुरु से यही प्रश्न पूछा था कि, ‘मेरी अध्यात्म में प्रगति हो रही है, यह मुझे कैसे पता चलेगा और मेरी प्रगति हुई है, यह दूसरों को कैसे पता चलेगा?’  गुरु ने कहा, ‘‘देखो, जब कोई स्त्री गर्भवती होती है, तब प्रारंभ में उसे भी इसका पता नहीं चलता। कुछ सप्ताह या महीने बीतने के बाद उसे अनुभव होने लगता है कि वह गर्भवती हुई है । उसी प्रकार शिष्य को भीतर से अनुभव होने लगता है कि हम कुछ अलग अनुभव कर रहे हैं । कुछ और महीने बीतने पर दूसरों को भी अनुभव होने लगता है कि यह स्त्री गर्भवती है । उसी प्रकार हमारी प्रगति के लक्षण धीरे-धीरे दूसरों को भी दिखाई देने लगते हैं ।’’

मन में आने वाले सैकडों विचार कम होने लगें, स्वप्न कम आने लगें या सात्त्विक स्वप्न (संतों और देवताओं के) आने लगें, स्वप्नावस्था में कोई हमें कुछ सिखा रहा है, ऐसा अनुभव होने लगे – ये सभी प्रगति के लक्षण हैं । यदि स्वप्नावस्था में कोई शिक्षा नहीं मिल रही हो, तो वह केवल स्वप्न होता है; परंतु यदि उसमें कोई उन्नत व्यक्ति हमें कुछ सिखा रहा हो, तो वह स्वप्न नहीं, अपितु तुर्यावस्था अर्थात् चतुर्थ अवस्था होती है ।

स्वप्न और स्वप्नदृष्टांत में अंतर है । उदाहरण के लिए, यदि किसी व्यक्ति को स्वप्न में कोई सूत्र सिखाया गया और उसी दिन या अगले दिन उसने कोई पुस्तक पढने के लिए ली तथा उसमें ठीक वही सूत्र पढने को मिला; या वह किसी कीर्तन अथवा प्रवचन में गया और ठीक उसी विषय का विवेचन हुआ; अथवा उसकी किसी उन्नत व्यक्ति से भेंट हुई, उसने प्रश्न पूछा और उस व्यक्ति ने ठीक वही उत्तर दिया – तो समझना चाहिए कि वह केवल स्वप्न नहीं था, अपितु स्वप्नदृष्टांत था ।

भक्तिमार्ग से साधना करने वालों में अष्टसात्त्विक भाव जागृत होने लगता है । कोई संत आदि आए हों या भक्तिमार्ग से संबंधित कहीं कुछ चल रहा हो, तो मन में उमंग उत्पन्न होना, आंखों से अश्रु आना आदि इसके लक्षण हैं । ऐसे अनेक लक्षण हैं । प्रत्येक व्यक्ति की आध्यात्मिक अवस्था के अनुसार उसे उसी प्रकार की अनुभूतियां होती हैं । दूसरों को यह कैसे पता चलता है कि कोई व्यक्ति उन्नत है और उसकी प्रगति हुई है ? उस व्यक्ति को देखने पर देखने वाले को प्रसन्नता और आनंद का अनुभव होता है, या उसके मन में अपने-आप नामस्मरण शुरू हो जाता है, अथवा ध्यान लगने लगता है ।

प्रश्न : विभिन्न क्षेत्रों में कोई न कोई संप्रदाय अधिक मात्रा में प्रचलित होता है । अन्य क्षेत्रों में वह उतना प्रचलित नहीं होता । मैं जिस संप्रदाय का नामजप करता हूँ और उसमें बताई गई साधना करता हूं, वह साधना अन्य क्षेत्रों में उस संप्रदाय के लोग न होने के कारण करना संभव नहीं हो पाता । नौकरी-व्यवसाय के कारण दूसरे क्षेत्र में रहने के लिए जाने वाले मेरे जैसे अनेक लोगों की यह समस्या होती है । ऐसे समय में हमें क्या करना चाहिए ? अथवा इस या किसी अन्य कारण से साधना खंडित हो गई हो, तो क्या करना चाहिए?

उत्तर : हम जो साधना कर रहे हैं, उससे अनुभूतियां हो रही हैं, सूक्ष्म की कुछ बातें समझ में आने लगी हैं तथा सूक्ष्म और आगे के स्तर की अनुभूतियां होने लगी हैं, तो साधना बदलने की आवश्यकता नहीं है । जो साधना कर रहे हैं, वही साधना जारी रखनी चाहिए ।

जब किसी व्यक्ति को गुरु गुरुमंत्र देते हैं, तब वे उस मंत्र में चैतन्य प्रदान करते हैं । यदि हम निरंतर उस मंत्र का जप करके उसमें विद्यमान चैतन्य को जागृत नहीं रखते, तो दो वर्षों के पश्चात उसमें का सारा चैतन्य समाप्त हो जाता है।

गुरु जब गुरुमंत्र देते हैं, तब उसमें चैतन्य प्रदान करते हैं। इसका अर्थ है कि उनके मन में यह संकल्प होता है कि, ‘तुम यह नामजप करो, तुम्हारी प्रगति होगी।’ यदि हमने वह नामजप किया ही नहीं, तो उस नाम का चैतन्य समाप्त हो जाता है; अर्थात शिष्य की प्रगति के विषय में गुरु का जो संकल्प होता है, वह समाप्त हो जाता है।

यदि उससे भी अधिक लंबा समय बीत गया हो, तो हमें यह सब भूल जाना चाहिए कि हमारे गुरु हैं और हमें गुरुमंत्र मिला हुआ है, और फिर से साधना का आरंभ करना चाहिए ।

 

आ. साधना – तात्त्विक

प्रश्न : क्या साधक को सोलह संस्कार करने की आवश्यकता है ?

उत्तर : व्रत-वैकल्य आदि कर्मकांड का भाग हैं । जिसे नामजप करना नहीं आता, सेवा करना नहीं आता और त्याग करना नहीं आता, उसे कम से कम व्रत तो करने चाहिए ।

वर्ष में एक बार वटसावित्री व्रत करना, ऋषिपंचमी करना, यह बहुत प्रारंभिक स्तर का भाग है । जिसे प्रतिदिन भगवान की पूजा करना संभव नहीं है, उसे वर्ष में दो-चार दिन ही सही, व्रत करने चाहिए ।

जिसे पूजा करना आता है, उसे व्रत नहीं करना चाहिए । जिसे नामजप करना आता है, उसे पूजा नहीं करनी चाहिए । जिसे सेवा और त्याग करना आता है, उसने नामजप नहीं भी किया, तो चलेगा ।

यह उसी प्रकार है जैसे हम पांचवीं कक्षा में पहुंचने के पश्चात चौथी कक्षा का अध्ययन नहीं करते, उसी प्रकार यह भी है ।

प्रश्न : कुछ लोगों की विभिन्न प्रकार की साधना निष्काम भाव से चलती रहती है। इसके साथ परोपकार, सत्कर्म आदि भी दिन-रात चलते रहते हैं; फिर भी उन्हें अनेक चिंताएं और परेशानियां रहती हैं । ऐसे समय में ईश्वर और साधना के प्रति उनकी श्रद्धा डगमगाने लगती है।

उत्तर : वास्तव में विभिन्न प्रकार की साधना करना साधना ही नहीं है । साधना क्या है? नामजप, सेवा, त्याग तथा तन-मन-धन की साधना । तीर्थयात्रा पर जाना, कोई पोथी पढना, सोमवार का व्रत करना आदि विभिन्न प्रकार के कर्मों को साधना नहीं कहा जा सकता । साधना में एकनिष्ठा आवश्यक है । एक ही देवता की भक्ति करनी चाहिए । ऐसा करने पर चिंताएं नहीं रहेंगी । अर्थात् बीमारी एक है और उसका उपचार अधूरा है या उसका उपचार किया ही नहीं गया है, तो बीमारी वैसी ही बनी रहेगी ।

हम जन्म को प्राप्त हुए हैं, यही सबसे बडी बीमारी है । उसे दूर करने के लिए अथवा जन्म से जुडी कठिनाइयों को दूर करने के लिए उचित साधना ही करनी पडती है । ‘परोपकार, सत्कर्म’ अध्यात्म में नहीं आते । ये बहुत प्रारंभिक स्तर की बातें हैं । सभी परोपकार भावनाओं के कारण किए जाते हैं । भावनाओं को समाप्त करना, भावनाओं से ऊपर उठना ही अध्यात्म है ! भावनाएं मन के स्तर से संबंधित होती हैं । अध्यात्म में इससे बहुत आगे जाना होता है । वहां ‘भाव’ आवश्यक होता है और भाव अनेक लोगों के प्रति नहीं हो सकता ।

भावना क्या है ? किसी भिखारी के प्रति कुछ महसूस हुआ और उसे पैसे दे दिए । किसी को नौकरी नहीं है, तो मैंने उसके लिए कुछ किया । इस गांव में अस्पताल नहीं है, तो उसकी व्यवस्था कर दी । इस गांव के लोगों को चार किलोमीटर दूर से पानी लाना पडता है, इसलिए उनके लिए कुआं खुदवा दिया । यहां विद्यालय नहीं है, वहां पुस्तकालय नहीं है…! इन सबका कभी अंत ही नहीं होता ।

इन सभी बातों की उपेक्षा करके उन्हें साक्षीभाव से देख पाना ही ‘साधना’ है । इसे ‘स्थितप्रज्ञता’ कहते हैं । ऐसी अवस्था में संसार में क्या चल रहा है, इसका कुछ विशेष प्रभाव नहीं पडता और अपने साथ कुछ हो जाए, तब भी उसका विशेष प्रभाव नहीं पडता । अध्यात्म में यह बहुत आगे की अवस्था है; परंतु शुरुआत कहीं न कहीं से करनी ही पडती है । भिखारी को देखकर करुणा आ गई, किसी को नौकरी नहीं है इसलिए तुरंत दया आ गई – ऐसा नहीं चल सकता । जिसे जीवन में कुछ साध्य करना है, परमेश्वर अर्थात् सच्चिदानंद की प्राप्ति करनी है, उसे सुख-दुःख में उलझने के बजाय सच्चिदानंद की अनुभूति प्राप्त करनी चाहिए । जिस प्रकार अर्जुन को केवल पक्षी की आंख दिखाई दे रही थी और उसके अतिरिक्त कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, उसी प्रकार साधक को केवल यह ‘सत्’ दिखाई देना चाहिए कि, ‘मैं नामजप करता हूं या नहीं’, ‘मैं सत्सेवा करता हूं या नहीं’, ‘मैं सत्कार्य के लिए त्याग करता हूं या नहीं’।

यदि उसे माया की बातें दिखाई देने लगें—‘मैं परोपकार करता हूं’, ‘मैं किसी को नौकरी दिलाता हूं’, ‘मैं किसी को व्यवसाय के लिए पूंजी देता हूं’- तो यह उचित नहीं है ।

परोपकार करना अध्यात्म की प्रगति की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण न होते हुए भी, वह छोटा ही सही, एक चरण है । अधिकांश मनुष्य स्वार्थी होते हैं । वे केवल अपने बारे में सोचते हैं—‘मुझे अपने परिवार के लिए कुछ पैसे बचाकर रखने चाहिए’ आदि । जो केवल अपना ही विचार करते हैं, उनकी तुलना में जो थोडा-बहुत परोपकार करता है, वह बेहतर है । अध्यात्म की दिशा में आज नहीं तो कल, अगले जन्म में या उसके बाद के किसी जन्म में वह निश्चित रूप से आगे बढ सकता है; लेकिन जो वास्तविक साधक होते हैं, उन्हें इसी जन्म में कुछ साध्य करना होता है । उन्हें ऐसे परोपकार के चक्कर में नहीं पडना चाहिए ।

‘सत्कर्म’ अर्थात् ‘सत् कर्म’ ! भिखारी को पैसे देना, जिसके पास शिक्षा के लिए पैसे नहीं हैं उसे पैसे देना, कुआं बनवाना, विद्यालय बनवाना, अस्पताल खोलना – ये सभी ‘असत्’ अर्थात् माया से संबंधित कर्म हैं । हम इन्हें सत्कर्म कहते हों, फिर भी अध्यात्म की दृष्टि से ये सभी असत्कर्म हैं । अध्यात्म की दृष्टि से परमेश्वर और ब्रह्म को ‘सत्’ कहा जाता है । ब्रह्म और परमेश्वर को छोडकर जो कुछ भी है, वह सब ‘असत्’, अर्थात् ‘माया’ है ।

अनेक चिंताएं और परेशानियां कब दूर होंगी ? प्रारब्ध में जो कुछ है, वह तो घटित होगा ही । किसी के पास नौकरी नहीं होगी, किसी को संतान नहीं होगी, किसी का विवाह नहीं हो रहा होगा – ये सब बातें होती ही रहेंगी । जो इन सभी बातों को साक्षीभाव से नहीं देख सकता, वह दुःखी ही रहेगा ।

साधना उचित हो, तो परिस्थिति कैसी भी हो, व्यक्ति आनंदी ही रहता है । शेगांव के गजानन महाराज कीचड में या कूडे के ढेर पर बैठे रहते थे, फिर भी आनंद की अवस्था में रहते थे। हम अच्छे सोफे पर बैठे हों, फिर भी हमें चिंताएं रहती हैं । आनंद हमारे मन और जीव की अवस्था है । चिंताएं और परेशानियां सांसारिक जीवन जीनेवाले लोग करते हैं । यदि अपने ही प्रश्नों को साक्षीभाव से देखना नहीं आया, तो कितनी भी साधना की जाए, सब व्यर्थ हो जाता है । आपको आनंद की अनुभूति नहीं होगी ।

यदि कोई व्यक्ति अपने मन से गलत उपचार करता रहे और कहने लगे कि, ‘मुझे चिकित्सा विज्ञान पर विश्वास ही नहीं है’, तो इसका कोई अर्थ नहीं है । किसी योग्य चिकित्सक के पास जाकर उपचार लेने पर वह निश्चितरूप से ठीक हो जाएगा । उसी प्रकार अध्यात्म में किसी के मार्गदर्शन में साधना करना शुरू करने पर प्रगति अवश्य होगी; क्योंकि ‘अध्यात्मशास्त्र’ इतना परिपूर्ण शास्त्र है कि साधना करने के बाद उसका फल मिलना ही चाहिए ।

संदर्भ : सनातन-निर्मित श्रव्य चक्रिका ‘अध्यात्मविषयक शंकानिरसन’

Leave a Comment