सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ‘डीजे’ के संबंध में निर्धारित नियमों का पालन करते हुए गणेशोत्सव की पवित्रता एवं मंगलमय वातावरण बनाए रखें ! – सनातन संस्था

सनातन संस्था का आह्वान

मुंबई – आज सार्वजनिक गणेशोत्सव का स्वरूप विकृत होता जा रहा है एवं ‘डीजे’ अर्थात विशाल ध्वनि-विस्तारक यंत्रों की संस्कृति के कारण इस उत्सव का मूल आध्यात्मिक उद्देश्य ही नष्ट हो रहा है । यह अत्यंत खेदजनक है । इस संबंध में सनातन संस्था की भूमिका राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री चेतन राजहंस ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से प्रस्तुत की है । इसमें सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ‘डीजे’ के संबंध में निर्धारित नियमों का पालन करते हुए गणेशोत्सव की पवित्रता एवं मंगलमय वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया गया है ।

श्री. चेतन राजहंस
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है,

१. उत्सव की सनातन परंपरा भक्तिमय वातावरण की है

उत्सव की सनातन परंपरा भक्तिमय एवं सात्त्विक वातावरण निर्मित करने की है । सनातन धर्म में किसी भी देवता की उपासना, नामजप, भजन, कीर्तन तथा पारंपरिक वाद्यों – जैसे मृदंग, ताल, शंख एवं झांझ – के वादन से वातावरण में सात्त्विकता उत्पन्न होती है । इससे देवता का तत्त्व आकर्षित होता है एवं भक्तों को उसका लाभ प्राप्त होता है । परंतु आज उत्सवों में डीजे लगाकर केवल कोलाहल उत्पन्न किया जा रहा है । इससे पवित्रता नष्ट होती है एवं देवता का अपमान होता है ।

२. डीजे के कारण ध्वनि-प्रदूषण एवं तमोगुण में वृद्धि

  • शारीरिक एवं मानसिक कष्ट : डीजे की कानों को झकझोर देने वाली तेज ध्वनि के कारण छोटे बच्चों, वृद्धों, गर्भवती महिलाओं एवं रोगियों का स्वास्थ्य खतरे में पडता है । नागरिकों को हृदय की धड़कन बढ़ना, श्रवण क्षमता कम होना तथा अन्य अनेक स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है ।
  • आध्यात्मिक हानि : डीजे के कर्णकटु कोलाहल एवं ध्वनि-प्रदूषण के कारण रज-तम तरंगों का प्रसार होता है । आध्यात्मिक दृष्टि से वातावरण का मंगलमय भाव समाप्त होकर तमोगुण बढ़ता है । इससे उपस्थित लोगों के मन में अशांति एवं उग्रता उत्पन्न होती है ।

३. अश्लील गीतों एवं विकृत नृत्य से उत्सव का उद्देश्य भटक गया है

डीजे पर भगवान श्री गणेश के भक्तिगीत बजाने के स्थान पर फिल्मों के द्विअर्थी, कर्णकटु एवं असात्त्विक गीत बजाए जाते हैं । इन गीतों की धुन पर मद्यपान किए हुए कुछ कार्यकर्ता भद्दे एवं अशोभनीय नृत्य करते दिखाई देते हैं । ऐसे प्रकारों के कारण गणेशोत्सव की पवित्रता पूरी तरह नष्ट हो गई है ।

इस स्थिति को देखकर संस्कारी, श्रद्धालु एवं महिलाएं शोभायात्रामें सम्मिलित होने के के स्थान पर उत्सवों से दूर रहना पसंद कर रही हैं । लोगों को एकजुट करने वाला उत्सव लोगों को एक-दूसरे से दूर करने वाला नहीं बनना चाहिए ।

सनातन संस्था का आह्वान

१. नियमों का पालन न करने वाले डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए

सरकार एवं स्थानीय प्रशासन को ध्वनि-प्रदूषण संबंधी नियमों का कठोरता से पालन कराते हुए सार्वजनिक गणेशोत्सवों एवं विसर्जन शोभायात्रा में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित नियमों का पालन न करने वाले ‘डीजे’ के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना चाहिए । नियमों का उल्लंघन करने वाले मंडलों के विरुद्ध कडी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ।

२. गणेशोत्सव मंडलों से आह्वान

सभी सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान है कि वे उत्सव के व्यावसायीकरण एवं विकृतिकरण को रोकें तथा पारंपरिक वाद्यों, भजन एवं आरती को प्राथमिकता दें । डीजे पर होने वाले अत्यधिक व्यय को रोककर उस धन का उपयोग सामाजिक कार्यों, धर्मशिक्षा एवं जिन्हे आवश्यकता है उनकी सेवा के लिए किया जाए ।

३. श्रद्धालुओं से आह्वान

गणेशभक्त ऐसे अनुचित प्रकारों को मौन सहमति न दें । श्रीगणेश की सात्त्विक एवं शास्त्रोक्त पद्धति से आराधना हो, इसके लिए डीजे के माध्यम से ध्वनि-प्रदूषण करने वाले उत्सव मंडलों का विरोध करें ।

Leave a Comment