शक संवत अनुसार आश्विन कृष्ण चतुर्दशी तथा विक्रम संवत अनुसार कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी नरक चतुर्दशीके नामसे पहचानी जाती है । भगवान श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुरको उसके अंत समय दिए वरके अनुसार इस दिन सूर्योदयसे पूर्व जो अभ्यंगस्नान करता है, उसे नरकयातना नहीं भुगतनी पडती । अभ्यंगस्नान अर्थात सुगंधित तेल एवं उबटन लगाकर किया गया स्नान । बलिप्रतिपदाके दिन भी प्रातः अभ्यंगस्नानके उपरांत सुहागिनें अपने पतिकी आरती उतारती हैं ।
१. दीपावलीकी कालावधिमें उबटन लगानेका अध्यात्मशास्त्रीय महत्त्व
सुगंधित तेल एवं उबटन लगाकर शरीरका मर्दन कर अभ्यंगस्नान करनेके कारण व्यक्ति में सात्त्विकता एवं तेज बढता है ।
दीपावलीकी कालावधि उबटनके उपयोग हेतु अधिक पोषक है । उबटनका उपयोग करनेसे पूर्व उसमें सुगंधित तेल मिलाया जाता है । दीपावलीकी कालावधिमें ब्रह्मांडमें ब्रह्मांडसे तेज, आप एवं वायु युक्त चैतन्यप्रवाहका पृथ्वीपर आगमन अधिक मात्रामें होता है । इसलिए वातावरणमें देवताओंके तत्त्वकी मात्रा भी अधिक होती है । इस कालावधिमें देहपर उबटन लगाकर उसके घटकोंद्वारा देहकी चैतन्य ग्रहण करनेकी संवेदनशीलता बढाई जाती है । इसलिए देवताओंके तत्त्वके चैतन्यप्रवाह व्यक्तिके देहमें संक्रमित होता है । जिससे व्यक्तिको अधिकाधिक मात्रामें चैतन्यकी प्राप्ती होती है ।
२. नरकचतुर्दशीका महत्त्व एवं अभ्यंगस्नानकी अध्यात्मशास्त्रीय जानकारी
शक संवत अनुसार आश्विन कृष्ण चतुर्दशी तथा विक्रम संवत अनुसार कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी नरक चतुर्दशीके नामसे जानते हैं । इस तिथिके नामका इतिहास इस प्रकार है –
‘पूर्वकालमें प्राग्ज्योतिषपुरमें भौमासुर नामक एक बलशाली असुर राज्य करता था । उसका एक अन्य नाम भी था – नरकासुर । यह दुष्ट दैत्य देवताओं और पुरुषोंके साथ-साथ स्त्रीयोंको भी अत्यंत कष्ट देने लगा । जीतकर लाई हुई सोलह सहस्र राज्यकन्याओंको उसने बंदी बनाकर उनसे विवाह करनेका निश्चय किया । सर्वत्र त्राहि-त्राहि मच गई । यह समाचार मिलते ही भगवान श्रीकृष्णने सत्यभामासहित उस असुरपर आक्रमण किया । नरकासुरका अंत कर सर्व राजकन्याओंको मुक्त किया । वह दिन था शक संवत अनुसार आश्विन कृष्ण चतुर्दशी अर्थात विक्रम संवत अनुसार कार्तिक कृष्ण चतुर्दशीका । तबसे यह दिन नरकचतुर्दशीके नामसे मनाते हैं ।’
३. अभ्यंगस्नानका महत्त्व
मरते समय नरकासुरने भगवान श्रीकृष्णसे वर मांगा, कि ‘आजके दिन मंगलस्नान करनेवाला नरककी यातनाओंसे बच जाए ।’ तदनुसार भगवान श्रीकृष्णने उसे वर दिया । इसलिए इस दिन सूर्योदयसे पूर्व अभ्यंगस्नान करनेकी प्रथा है । भगवान श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुरको दिए गए वरके अनुसार इस दिन सूर्योदयसे पूर्व जो अभ्यंगस्नान करता है, उसे नरकयातना नहीं भुगतनी पडती ।
दीपावलीके दिनोंमें अभ्यंगस्नान करनेसे व्यक्तिको अन्य दिनोंकी तुलनामें ६ प्रतिशत सात्त्विकता अधिक प्राप्त होती है । सुगंधित तेल एवं उबटन लगाकर शरीरका मर्दन कर अभ्यंगस्नान करनेके कारण व्यक्तिमें सात्त्विकता एवं तेज बढता है । नरकचतुर्दशीके दिन अभ्यंगस्नान करनेसे शक्तिका २ प्रतिशत, चैतन्यका ३ प्रतिशत, आनंदका १ दशमलव पच्चीस प्रतिशत एवं ईश्वरीय तत्त्वका १ प्रतिशत मात्रामें लाभ मिलता है ।
४. नरक चतुर्दशीके दिन देहपर तेलमिश्रित उबटन लगाकर अभ्यंगस्नान करनेके परिणाम
भावसहित उबटन लगाए जानेसे, लगवानेवालेकी देहमें भावके वलयकी उत्पत्ति होती है । तेलमिश्रित उबटन लगानेके कारण तेजतत्त्वस्वरूप शक्तिका प्रवाह व्यक्तिकी ओर आकृष्ट होता है तथा देहमें इस शक्तिके वलयकी उत्पत्ति होती है । शक्तिके इस वलयद्वारा व्यक्तिकी देहमें शक्तिके प्रवाह एवं शक्तिके कण फैलते हैं । पातालकी बलवान अनिष्ट शक्तियोंद्वारा व्यक्तिकी देहमें एकत्रित काली शक्तिका विघटन होता है तथा व्यक्तिकी देहपर बना काला आवरण दूर होता है । उबटन लगाने के उपरांत स्नान आरंभ करनेपर देह में ईश्वरीय तत्वका प्रवाह आकर्षित होता है तथा आकर्षित देहमें उसका वलय घनीभूत होता है । ईश्वरसे चैतन्यका प्रवाह स्नानके जलमें आकर्षित होता है तथा जलमें इस चैतन्यके वलयकी उत्पत्ति होती है । इस वलयद्वारा आपतत्त्वस्वरूप चैतन्यका प्रवाह व्यक्तिकी देहकी ओर प्रक्षेपित होता है । व्यक्तिकी देहमें इस चैतन्यका वलय एकत्रित होता है । आपतत्त्वात्मक चैतन्यके वलयद्वारा चैतन्यके प्रवाह वातावरणमें प्रक्षेपित होते हैं । वातावरणमें गंधस्वरूप चैतन्यके कण संचारित होते हैं । स्नान करते समय व्यक्तिकी देहमें आनंदका प्रवाह आकर्षित होता है तथा व्यक्तिकी देहमें आनंदके वलयकी उत्पत्ति होती है ।

५. सनातन आश्रम, पनवेलके संत प.पू. पांडे महाराजजीद्वारा बताया गया नरक चतुर्दशीका भावार्थ
इस दिन सूर्योदयसे पहले उबटन लगाकर, शरीरकी मैल उतारें एवं स्नान करें । घरद्वार व दुकानको स्वच्छ कर, रंगोली सजाकर, उसमें रंग भरकर आंगन सुशोभित करें । परंतु यह सर्व बाह्य रूपसे ही है । मनकी मैल, बुरे विचार दूर करनेकी बात सूझती भी नहीं । बुरे विचारोंके कारण समाजमें दूषित वातावरण निर्माण होता है । यहां-वहां कूडा- कचरा, प्रदूषणसे स्वास्थ्यपर अनिष्ट परिणाम होता है । इस प्रकार नरक समान स्थिति हो जाती है । ऐसेमें समाजसे बुरे विचारोंकी मलिनता हटानेके लिए, अपने हाथमें ज्ञानरूपी झाड़ू उठानेसे ही स्वच्छता होती है ।
इसीलिए सीमित अवधितक प्रसन्न दिखाई देनेवाला वातावरण, सदाके लिए प्रदूषित रहता है । जबतक मनकी मलिनता नहीं निकलती एवं उसके स्थानपर दैवी विचारोंकी स्थापना नहीं होती, तबतक नरकचतुर्दशीका महत्त्व नहीं समझमें आता । संक्षेपमें, नरकचतुर्दशी कहती है, `बुरी वृत्तिको जडसे मिटा दो । दुर्गंधको दूर करो, तब ही हम खरे अर्थसे दीपावली मना पाएंगे ।
नरकचतुर्दशीके दिन प्रात: अलक्ष्मीका मर्दन कर अपनेमें नरकरूपी पापवासनाओंका समूल नाश कर, अहंकारका उच्चाटन करना चाहिए । तब ही आत्मापर पडा अहंका पट अर्थात परदा हटेगा और आत्मज्योत प्रकाशित होगी । इस दिन भगवान श्रीकृष्णने नरकासुरका वध किया ।
इसका अर्थ है, `दुर्जन शक्तिपर सज्जन शक्तिकी विजय ।’ जिस समय सज्जन शक्ति जागृत होती है और वह संगठितरूपसे कार्य करने लगती है, तब दुर्जन शक्ति निष्प्रभावी बनती है । `प्रत्येक व्यक्ति स्वयंमें आसुरीवृत्ति एवं विघातकवृत्तिको घटाकर, उसके स्थानपर दैवी वृत्तिकी स्थापना करे । आगे इसका परिणाम समाजपर होता है और फिर राष्ट्रपर ।’ इसलिए सज्जन संगठित होकर अपने ज्ञानसे समाजको लाभान्वित करें । यही इस नरकचतुर्दशीसे स्पष्ट होता है ।
प.पू. महाराजजीके बताए अनुसार सच्चे रूपसे नरक चतुर्दशी मनानेके लिए मनसे तथा समाजसे कुविचार निकालकर बाहर फेंकनेके लिए प्रयास करनाही अधिक उपयुक्त होगा ।

श्री लक्ष्मीकुबेर पूजाविधि
दीपावली का वैश्विक स्वरूप !
यमदीपदान करते समय १३ दीपक क्यों अर्पण करते हैं ?
आकाशदीप
आकाशदीप लगाने का अध्यात्मशास्त्र (सूक्ष्म विज्ञान)