
पिप्पली चूर्ण वात एवं कफ नाशक है ।

१. गुणधर्म एवं संभावित उपयोग
यह औषधि वात एवं कफ नाशक है । विकारों में इसका संभावित उपयोग आगे दिया है; प्रकृति, प्रदेश, ऋतु एवं अन्य विकारों के अनुसार उपचारों में परिवर्तन हो सकता है । इसलिए वैद्यों के मार्गदर्शन में ही औषधि लें ।
| उपयोग | औषधि लेने की पद्धति | अवधि |
|---|---|---|
| अ. रक्तचाप न्यून होना, शरीर ठंडा पड जाना एवं बहुत ठंड लगना | २ चुटकी पिप्पली चूर्ण १ चम्मच अदरक के रस में मिलाकर चाटें । | तात्कालिक |
| आ. खांसी, सांस फूलना, छाती में कफ होना, मुंह में स्वाद न होना, भूख न लगना, अपचन एवं पेट में गैस होना | दिन में २ – ३ बार २ चुटकी पिप्पली चूर्ण आधा चम्मच घी एवं १ चम्मच मधु (शहद) में मिलाकर चाटें । | ५ से ७ दिन |
| इ. कोष्ठबद्धता | सवेरे खाली पेट २ चुटकी पिप्पली चूर्ण एवं १ चम्मच त्रिफला चूर्ण का मिश्रण आधी कटोरी गुनगुने पानी के साथ लें । | ५ से ७ दिन |
| ई. जीर्ण ज्वर (बुखार) | दिन में ३ बार २ चुटकी पिप्पली चूर्ण १ चम्मच मधु के साथ लें । | ७ दिन |
| उ. ‘हाइपोथाइरॉइड’, श्वसनतंत्र के विकार, गर्भाशय की गांठें (फाइब्रॉइड), अंडाशय की गांठें (ओवेरियन सिस्ट) इत्यादि में उपयुक्त ‘वर्धमान पिप्पली रसायन’ | सूर्योदय के समय १ कटोरी दूध में आधा ग्राम (१/८ चम्मच) चूर्ण उबालकर उसमें १ चम्मच घी मिलाकर पीएं । तत्पश्चात १ घंटे तक कुछ न खाएं-पीएं । केवल चूर्ण की मात्रा प्रतिदिन आधा ग्राम बढाकर ९ वें दिन से प्रतिदिन आधा ग्राम घटाते जाएं । इस प्रयोग के अतिरिक्त निरंतर ८ दिन से अधिक पिप्पली चूर्ण का उपयोग न करें । | १५ दिन |
२. सूचना
अ. आयुवर्ग ३ से ७ के लिए चौथाई एवं ८ से १४ के लिए चूर्ण आधी मात्रा में लें ।
आ. मधुमेह (डायबीटिज) हो तो औषधि शहद के साथ न लेकर पानी के साथ लें अथवा केवल चूसकर खाएं ।
इ. उष्णता के लक्षण (उष्ण पदार्थ सहन न होना, मुंह में छाले होना, देह में जलन होना, मूत्रमार्ग में जलन होना, देह पर फोडे-फुंसी होना, चक्कर आना इ.) होने पर तथा ग्रीष्म व वर्षा के उपरांत आनेवाली शरद ऋतु (अक्टूबर हीट) की अवधि में पिप्पली का उपयोग अल्प करें अथवा न करें ।
ई. उष्णता बढ जाए, तो पिप्पली बंद कर १ – २ दिन, दिन में २ बार १ गिलास नींबू शरबत पीएं ।’
३. औषधि का सुयोग्य परिणाम होने हेतु यह न करें !
मैदा और बेसन के पदार्थ; खट्टे, नमकीन, अति तैलीय और तीखे पदार्थ, आईस्क्रीम, दही, पनीर, चीज, बासी, असमय और अति भोजन, धूप में घूमना तथा रात्रि जागरण
४. औषधि लेते समय उपास्य देवता से प्रार्थना करें !
हे देवता, यह औषधि मैं आपके चरणों में अर्पण कर आपका ‘प्रसाद’ समझकर ग्रहण कर रहा हूं । इस औषधि से मेरे विकार दूर होने दें ।
– वैद्य मेघराज माधव पराडकर, सनातन आश्रम, रामनाथी, गोवा. (११.६.२०२१)
ज्वर (बुखार) में उपयुक्त आयुर्वेद की कुछ औषधियां
आयुर्वेद की कुछ सुवर्णयुक्त औषधियां
श्वसनसंस्था के विकारों में उपयुक्त आयुर्वेद की कुछ औषधियां
हृदय एवं श्वसनसंस्था को बल देनेवाली आयुर्वेद की कुछ प्रसिद्ध औषधियां
आयुर्वेद की औषधियां एवं उनकी समाप्ति तिथि (एक्सपायरी डेट)
लशुनादि वटी (गोलियां)