१. व्युत्पत्ति एवं अर्थ
दुः + अवम्, इन शब्दोंसे दूर्वा शब्द बना है । ‘दुः’ अर्थात दूरस्थ एवं ‘अवम्’ अर्थात वह जो पास लाता है । दूर्वा वह है, जो श्री गणेशके दूरस्थ पवित्रकोंको पास लाती है ।
२. श्री गणपतिको दूर्वा अर्पित किए जानेके कारण
२ अ. पौराणिक कारण
‘गणपतिसे विवाह करनेकी कामनासे एक अप्सराने ध्यानमग्न गणपतिका ध्यानभंग किया । जब गणपति विवाहके लिए तैयार नहीं हुए, तब अप्सराने गणपतिको श्राप दिया । इससे गणपतिके मस्तकमें दाह होने लगा, जिसे न्यून (कम) करनेके लिए गणपतिने मस्तकपर दूब धारण की; इसलिए श्री गणपतिको दूब चढाते हैं ।’
२ आ. आयुर्वेदके अनुसार कारण
आयुर्वेद भी बताता है कि ‘दूबकी रससे शरीरका दाह न्यून होता है ।’
२ इ. आध्यात्मिक कारण
पूजाका एक उद्देश्य ऐसा भी होता है कि जिस मूर्तिकी हम पूजा करते हैं, उसके देवत्त्वमें वृद्धि हो एवं चैतन्यके स्तरपर हमें उसका लाभ हो । इसलिए उस देवताको उनका तत्त्व अधिकसे अधिक आकर्षित करनेवाली वस्तुएं चढाना उपयुक्त होता है । दूर्वामें गणेशतत्त्व आकर्षित करनेकी क्षमता सर्वाधिक होती है, अतः श्री गणेशको दूर्वा चढाते हैं ।
३. दूर्वा कैसी हो ?
गणपतिको चढाई जानेवाली दूर्वा कोमल हो । इसे ‘बालतृणम्’ कहते हैं । जीर्ण होनेपर वे एक प्रकारकी घास जैसी हो जाती हैं । दूर्वाकी पत्तियां 3, 5, 7 की विषम संख्यामें हों ।
४. दूर्वाकी लंबाई कितनी हो ?
पूर्वकालमें गणपतिकी मूर्तिकी ऊंचाई लगभग एक मीटर होती थी, इसलिए समिधाकी लंबाई जितनी दूर्वा अर्पण करते थे । मूर्ति यदि समिधा जितनी लंबी हो, तो लघु आकारकी दूर्वा अर्पण करें; परंतु मूर्ति बहुत बडी हो, तो समिधाके आकारकी ही दूर्वा चढाएं । जैसे समिधा एकत्र बांधते हैं, उसी प्रकार दूर्वाको भी बांधते हैं । ऐसे बांधनेसे उनकी सुगंध अधिक समय टिकी रहती है । उसे अधिक समय चैतन्यमय (ताजा) रखनेके लिए जलमें भिगोकर चढाते हैं । इन दोनों कारणोंसे गणपतिके पवित्रक बहुत समयतक मूर्तिमें रहते हैं ।
५. दूर्वाकी संख्या कितनी होनी चाहिए ?
विषम संख्याएं शक्तिसे संबंधित होती हैं । दूर्वा अधिकतर विषम संख्यामें (न्यूनतम 3 अथवा 5, 7, 21 आदि) अर्पण करते हैं । विषम संख्याके कारण मूर्तिमें अधिक शक्ति आती है । गणपतिको विशेषतः 21 दूर्वा अर्पण करते हैं । संख्याशास्त्रानुसार 21 अंक 2 + 1 = 3, इस प्रकार है । श्री गणपति 3 की संख्यासे संबंधित है । 3 का अंक कर्ता, धर्ता एवं हर्ता भी होनेके नाते उस शक्तिद्वारा 360 तरंगोंको नष्ट करना संभव हो जाता है । सम संख्यामें दूर्वा चढानेसे अधिकाधिक 360 तरंगें आकर्षित होती हैं एवं तदुपरांत 108 तरंगें भी आकर्षित होती हैं । (रावण प्रतिदिन 360 + 108 = 468 दूर्वा अर्पण करता था ।)
६. दूर्वा अर्पण करनेकी पद्धति (मूर्ति जागृत करने तथा उसकी जागृतता टिकाए रखनेकी पद्धति)
मुखको छोडकर, संपूर्ण गणपतिको दूर्वासे ढक देना चाहिए । उससे मूर्तिके आसपास दूर्वाकी सुगंध फैलने लगती है । गणपतिको दूर्वासे ढकनेपर यह सुगंध गणपतिके आकारमें संचारित होती है; इसलिए गणपतिके पवित्रकोंके आकारका इस आकारकी ओर आना सरल हो जाता है । यह है ‘मूर्ति का समाकारिकत्व ग्रहण करना ।’ इसी को ‘मूर्ति जागृत हुई’ भी कहते हैं । मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा इसलिए करते हैं कि, उसमें आए पवित्रक निकल न जाएं उसी में रहें । जबतक सुगंध होती है, पवित्रक अधिक मात्रा में रहते हैं । पवित्रक टिके रहें, इस हेतु से दिन में तीन बार (पहले चढाई हुई दूर्वा को हटाकर) चढाते हैं एवं उसके लिए दिन में तीन बार पूजा करते हैं ।

माघी श्री गणेश जयंती (Ganesh Jayanti 2026)
चतुर्थी तिथि का महत्त्व तथा गणेशजी के विविध अवतारों के नाम एवं उनका कार्य
कुछ विशिष्ट उद्देश्यों के लिए श्री गणेशजी की उपासना करते समय पठने आवश्यक मंत्र !
गणेशभक्तों, भावभक्ति एवं धर्मपालन को जीवन में पहला और प्रमुखता से स्थान देना आवश्यक !
श्रीगणेशजी को अडहुल के पुष्प अर्पण करें
मयूरेशस्तोत्रम्