जपमाला कैसी होनी चाहिए ?

Article also available in :

‘हम ‘कितनी माला जप हुआ ?’, इस परिमाण में जप गिनते हैं । ‘एक माला अर्थात १०८ बार जप करना’, यह हम सभी को पता है । इसका ही अर्थ जप गिनने के लिए माला अनिवार्य हो जाती है । आजकल बाजार में अनेक प्रकार के ‘काउंटर्स (संख्या गिनने के लिए यंत्र)’ मिलते हैं । अनेक लोग उनका भी उपयोग करते हैं । शास्त्रज्ञों का मानना है कि हम जप करने के लिए बैठे हैं, अर्थात जपमाला का उपयोग कर रहे होंगे । ‘हमारी जपमाला कैसी होनी चाहिए ?’, इस विषय में शास्त्र क्या कहता है ?’, यह हम इस लेख में देखेंगे ।

१. जपमाला कैसी होनी चाहिए ?

अ. जपमाला १०८, ५४ अथवा २७ मणियों की होनी चाहिए । इसके अतिरिक्त अल्प मणियों की माला जप के लिए उपयोग न करें । इसका अर्थ है उंगली में अंगूठी समान पहनी ‘उंगली माला’ जप गिनने के लिए उपयुक्त नहीं; परन्तु नामजप का स्मरण रहने के लिए इस माला का उपयोग करने में कोई मनाही नहीं है ।

आ. माला तुलसी की लकडी की, रुद्राक्ष की अथवा स्फटिक की होनी चाहिए ।

इ. जपमाला के २ मणियों के बीच डोरे (धागे) की गांठ अथवा अन्य मणि होने चाहिए; जिससे माला के मणि एक-दूसरे से टकराएंगे नहीं ।

श्री. अमर जोशी

२. अभिमंत्रित जपमाला

पूजा इत्यादि अनुष्ठानों में जप अथवा दीक्षापूर्वक लिया मंत्रजप करते समय अभिमंत्रित माला का उपयोग करें । दीक्षापूर्वक लिया मंत्रजप, अर्थात संध्या का गायत्री मंत्रजप, गुरु द्वारा दीक्षापूर्वक दिया गया गुरुमंत्र इत्यादि ।

नित्य के अन्य जप करने के लिए भी अभिमंत्रित, अर्थात संस्कारित माला का उपयोग करने से जप का अनेक गुना लाभ होता है ।

२ अ. जपमाला अभिमंत्रित करने की विधि

१. ‘गाय से उत्पन्न दूध, दही, घी, गोमूत्र, गोमय (गोबर) और दर्भ (एक प्रकार की घास) भिगोए गए पानी’ का मिश्रण बनाएं । इस मिश्रण से माला धोएं ।

२. धोई गई माला पीपल के पत्ते पर रखें ।

३. माला स्पर्श कर आगे दिए गए अक्षर बोलें

‘अंआंइंईंउंऊंऋंऋृंलृंॡंएंऐंओंऔंअंअः कंखंगंघंङं चंछंजंझंञं टंठंडंढंणं तंथंदंधंनं पंफंबंभंमं यंरंलंवंशंषंसंहंलंक्षं ।’

४. माला के प्रत्येक मणि को स्पर्श कर प्रत्येक १० बार ‘ईशानाय नमः’, इस प्रकार जप करना चाहिए । अंत में मेरुमणि को स्पर्श कर उपरोक्त जप १०० बार करें । इस प्रकार माला ‘अभिमंत्रित’ होती है ।

२ आ. अभिमंत्रित माला की पूजा

१. ‘सद्योजाताय नमः । विलेपनार्थे चन्दनं समर्पयामि ।।’, ऐसे कहते हुए माला को चंदन लगाएं ।

२. ‘वामदेवाय नमः । पुष्पं समर्पयामि ।।’, ऐसा कहते हुए फूल चढाएं ।

३. ‘अघोराय नमः । धूपं समर्पयामि ।।’, ऐसे कहते हुए धूप अथवा उदबत्ती दिखाएं ।

४. ‘तत्पुरुषाय नमः । दीपं समर्पयामि ।।’, ऐसा कहते हुए निरांजन दिखाएं ।

५. ‘ईशानाय नमः । नैवेद्यं समर्पयामि ।।’, ऐसा कहते हुए किसी मिष्ठान्न का नैवेद्य दिखाएं ।

– श्री. अमर जोशी

जपमाला का उपयोग कैसे करें ?

१. जपमाला दाएं हाथ में पकडें । अनामिका (छोटी उंगली के पास की उंगली) और अंगूठे के सिरे जोडकर वे सिरे जहां एकत्र आते हैं, उस स्थान पर माला पकडें और मध्यमा से (बीच की उंगली से) माला के मणि अपनी ओर खीचें ।

२. जप करते समय माला को तर्जनी का (अंगूठे के पास की उंगली का) स्पर्श न करें ।

अभिमंत्रित माला के उपयोग के नियम

१. जप करते समय माला सदैव वस्त्र से ढक लें । इसके लिए बाजार में माला जपने के लिए भी कपडे की थैली (गोमुखी) मिलती है । उसका भी उपयोग कर सकते हैं ।

२. माला का भूमि को कभी भी स्पर्श न होने दें । वैसा होने पर माला धोकर और हाथ में लेकर १०८ बार ‘ईशानाय नमः ।’, जप करें ।

३. माला पैर के नीचे आ जाए तो माला धोकर और हाथ में लेकर ‘ईशानाय नमः ।’, यह जप २१६ बार करें ।

४. जनन-मरण अशौच, स्त्रियों का मासिक धर्म इत्यादि के समय अभिमंत्रित माला को स्पर्श न करें । वैसा होने पर उपरोक्त अभिमंत्रणा की पूर्ण विधि पुन: करें ।

५. अभिमंत्रित माला का उपयोग दिनभर गले में धारण करने के लिए न करें । पूजा के समय यह माला अवश्य धारण करें । यदि दिनभर माला धारण करते हैं, तो ‘लघुशंका इत्यादि के लिए जाते समय माला निकालना और आचमनादि (२ बार आचमन और एक बार प्राणायाम इत्यादि) होने पर ही माला पुन: धारण करना’, ऐसे अनेक नियम लागू होते हैं । वर्तमान काल में हमारे लिए यह संभव नहीं होता । इसलिए यह माला पूजा के उपरांत पूजाघर में ही रखें । गले में डालने के लिए अभिमंत्रित न की हुई अन्य माला भी उपयोग कर सकते हैं ।’

(साभार : ‘धर्मसिंधु’)
– श्री. अमर जोशी, सनातन वेदपाठशाला (१०.५.२०२६)
‘उपरोक्त लेख हमारी अल्पमति अनुसार है । इसमें जानकारों को कुछ परिवर्तन सुझाने हैं अथवा अधिक जानकारी देनी है, तो विनती है कि सनातन वेदपाठशाला के 8180968660 चल-दूरभाष क्रमांक पर संपर्क करें !’ – श्री. अमर जोशी, सनातन वेदपाठशाला (८.४.२०२६)

 

Leave a Comment