विजयादशमी के अवसर पर सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत आठवलेजी का संदेश

Article also available in :

हिन्दुओ, प्रतिकारक्षम बनो !

सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. आठवलेजी

‘दशहरा अर्थात विजयादशमी ! यह दिन केवल परंपरा के अनुसार मिठाई खाने अथवा कचनार के पत्ते बांटकर अस्थायी आनंद मनाने का नहीं, अपितु यह अधर्म पर धर्म की एवं अन्याय पर न्याय की विजय का उत्सव है । प्रभु श्रीराम ने रावण का वध कर इसी दिन धर्मध्वज फहराया, महिषासुरमर्दिनी दुर्गा ने इसी दिन दुष्ट शक्तियों का निर्दालन किया एवं छत्रपति शिवाजी महाराज ने स्वराज्य की सीमाएं बढाने के लिए इसी मुहूर्त पर ‘सीमोल्लंघन’ किया । इस शौर्यशाली इतिहास का स्मरण करने की आज आवश्यकता है ।

वर्तमान में ‘मार खाता है, वह हिन्दू’, ऐसी हिन्दुओं की दुर्बल व्याख्या होकर रह गई है । फिर वे पडोसी देशों में अल्पसंख्यक हिन्दुओं पर होनेवाले अत्याचार हों अथवा देश के भीतर विभिन्न कारणों से हिन्दुओं की शोभायात्राओं पर होनेवाले आघात हों, अनेक बार हिन्दू समाज केवल मौखिक प्रतिक्रिया देनेवाला अथवा हानि सहनेवाला बनकर रह जाता है । हिन्दुओ, यह ध्यान में रखो कि अन्याय सहन करना धर्म का लक्षण नहीं, अपितु दुर्बलता का लक्षण है । प्रत्येक बार आघात होने के पश्चात शोक व्यक्त करना अथवा केवल मूक मोर्चे निकालना पर्याप्त है क्या ? इसका अंतर्मुख होकर विचार करो !

हिन्दुओ, विजयादशमी सीमोल्लंघन का प्रतीक है । आज का सीमोल्लंघन अर्थात हिन्दू समाज द्वारा हीनभावना एवं पराजय की मानसिकता की सीमाएं पार कर आत्मसम्मान एवं शौर्य को अपनाना है । प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं की, परिवार की एवं संपत्ति की रक्षा का मूलभूत अधिकार कानून द्वारा दिया गया है, यह ध्यान में रखो एवं आनेवाले भीषण काल में स्वयं की एवं परिजनों की रक्षा के लिए प्रतिकारक्षम बनो !’

– सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत आठवले, संस्थापक, सनातन संस्था.

Leave a Comment