
भावी भीषण विश्वयुद्ध के काल में डॉक्टर, वैद्य, बाजार में औषधियां आदि उपलब्ध नहीं होंगी । ऐसे समय हमें आयुर्वेद का ही आधार रहेगा । क्रमशः प्रकाशित होनेवाले लेख के इस भाग में ‘प्राकृतिक वनस्पतियों का संग्रह कैसे करना चाहिए’, इससे संबंधित जानकारी समझकर लेंगें । शीघ्र ही इस विषय पर सनातन का ग्रंथ प्रकाशित होनेवाला है । इस ग्रंथ में औषधीय वनस्पतियां एकत्रित कर संग्रहित करने से विस्तृत रूप में संबंधित व्यवहारिक (प्रत्यक्ष करने योग्य कृत्यों की) जानकारी दी जाएगी ।
१. वर्षा के उपरांत कुछ औषधीय वनस्पतियां सूख जाती हैं, इसलिए उन्हें अभी से एकत्रित कर रखें !
‘प्रतिवर्ष वरुणदेवता की कृपा से वर्षा ऋतु में प्राकृतिक रूप से असंख्य औषधीय वनस्पतियां उगती हैं । इनमें से कुछ वनस्पतियां वर्षा ऋतु समाप्त होने पर साधारणतः १ – २ महीने में सूख जाती हैं । उसके पश्चात पुनः वर्षा ऋतु आने तक ये वनस्पतियां नहीं मिलतीं । इसलिए ऐसी वनस्पतियां अभी से एकत्रित कर रखनी चाहिए ।
२. औषधीय वनस्पतियां एकत्रित कर रखने के लाभ
इस लेख में दी हुई औषधीय वनस्पतियों में से कुछ वनस्पतियां आयुर्वेदिक औषधियों की दुकानों में भी मिलती हैं; परंतु ऐसी वनस्पतियां खरीदने की अपेक्षा प्रकृति से एकत्रित करना अधिक उचित है । खरीदी हुई औषधियां ताजी होंगी ही, निश्चित रूप से यह नहीं कहा जा सकता । वनस्पतियां पुरानी हों, तो उनकी परिणामकारकता अल्प हो जाती है । बाजार में मिलनेवाली अधिकतर औषधियों में मिलावट होती है । उनमें धूल, मिट्टी और अन्य कचरा भी होता है । इसके विपरीत, जब हम स्वयं औषधीय वनस्पतियां एकत्रित करते हैं, तब वे ताजी और शुद्ध मिलती हैं । ऐसी वनस्पतियां हम धोकर रख सकते हैं । इसलिए वे स्वच्छ भी रहती हैं । वनस्पतियां एकत्रित कर ठीक से सुखाकर हवाबंद डिब्बे में सुरक्षित रखने से साधारणत: १ से डेढ वर्ष तक उनका उपयोग कर सकते हैं ।
३. वनस्पतियों की जानकारी होने के लिए गांव के किसी जानकार अथवा परिचित वैद्य की सहायता लें !
छोटे गांवों के अधिकांश प्रौढ व्यक्तियों को अनेक औषधीय वनस्पतियों की जानकारी होती है । ऐसे व्यक्तियों को इस लेख में दी हुई वनस्पतियों के छायाचित्र दिखाकर वे वनस्पतियां कहां मिल सकती हैं, यह पूछकर इन वनस्पतियों को निश्चित रूप पहचान लीजिए । संभव हो तो अपने परिचित वैद्यों की सहायता भी ले सकते हैं । वैद्य औषधीय वनस्पतियां पहचानते ही हैं तथा उनका उपयोग कैसे करना है, इसका भी उन्हें ज्ञान होता है । एक कुशल वैद्य एक ही औषधीय वनस्पति का उपयोग विविध रोगों में प्रभावी रूप से कर सकता है । इस लेख में दी हुई वनस्पतियों के अतिरिक्त यदि कोई जानकार व्यक्ति अन्य वनस्पतियां बताता है, तो उनका भी उचित मात्रा में संग्रह कर रख सकते हैं ।
४. औषधीय वनस्पतियां एकत्रित करने से संबंधित कुछ प्रायोगिक सूत्र
अ. घर से बाहर निकलने से पहले प्रार्थना करें और घर लौटने पर कृतज्ञता व्यक्त करें ।
आ. गंदगी, अपशिष्ट जल, दलदल, श्मशान भूमि आदि स्थानों पर उगी हुई वनस्पतियां एकत्रित न करें । जिस स्थान से औषधीय वनस्पतियां एकत्रित करनेवाले हैं, वह स्थान स्वच्छ होना चाहिए ।
इ. उस परिसर में प्रदूषण उत्पन्न करनेवाले, विशेषतः हानिकारक रासायनिक पदार्थ छोडनेवाले कारखाने नहीं होने चाहिए ।
ई. फफूंद अथवा कीडे लगी हुई तथा रोगी वनस्पतियां न लें ।
उ. विषैले वृक्ष पर लगी हुई औषधीय वनस्पतियां न लें, उदा. कजरा के वृक्ष पर लगी हुई गिलोय न लें ।
ऊ. जिस स्थान पर मन को कष्टदायक स्पंदन प्रतीत होते हों, उस स्थान की वनस्पतियां न लें ।
ए. वनस्पतियों की निश्चित पहचान हुए बिना वनस्पति न लें । गलत वनस्पतियों का उपयोग होने पर हानिकारक परिणाम भी हो सकते हैं । इसलिए जानकार व्यक्ति से वनस्पतियों की निश्चित पहचान करवाकर ही लें ।
ऐ. सूर्यास्त के उपरांत औषधीय वनस्पतियां न तोडें ।
५. औषधीय वनस्पतियां एकत्रित करने पर की जानेवाली प्रक्रिया
अ. एकत्रित की हुई वनस्पतियां रस्सी से एकत्रित बांधकर उन पर तुरंत नाम लिखकर थैली में भरें ।
आ. घर लाकर धोकर स्वच्छ कर लीजिए । वनस्पतियां धोते समय उनके बीज व्यर्थ न जाने दें । इसके लिए धोने से पहले उन्हें अलग निकालकर रखें । वनस्पतियां जड से उखाडी हों, तो उनकी जडें कैंची से काटकर पेड से अलग करें । जडों में मिट्टी लगी होती है । अतः जडें अलग से धोएं, जिससे उनकी मिट्टी अन्य वनस्पतियों पर न लगे ।
इ. वनस्पतियां स्वच्छ धोने के लिए उन्हें आधे से एक घंटे तक पानी में डुबोकर रखें । इससे उन पर लगी हुई धूल तथा अन्य मैल भीगकर शीघ्र अलग होने में सहायता होती है ।
ई. गीली वनस्पतियों के छोटे टुकडे करके रखें ।
उ. वनस्पतियां धोने के उपरांत धूप में अच्छे से सुखाएं । सुगंधित वनस्पतियों को धूप में न सुखाकर छाया में सुखाएं । सूखी हुई वनस्पतियों पर आगामी प्रक्रिया यदि तुरंत न करनी हो, तो उन्हें प्लास्टिक की थैलियों में नाम लिखकर सीलबंद कर रखें । सीलबंद की हुई वनस्पतियों की थैलियां हवाबंद डिब्बे में रखें ।
ऊ. सुखाई हुई वनस्पतियां अथवा उनके चूर्ण का उपयोग न किया जा रहा हो, तो निश्चित अवधि के पश्चात उनकी सुस्थिति का निरीक्षण करें ।
ए. वनस्पति के सूखे हुए छोटे टुकडों का मिक्सर में बारीक चूर्ण बनाकर रखें । मिक्सर में पीसे हुए चूर्ण को आटे की छलनी से छान लें । छलनी में जो सामग्री शेष रहती है, उसे पुनः एक बार मिक्सर में बारीक कर लें अथवा उसे अलग से थैली में रख दें । वनस्पति के चूर्ण को छानने के पश्चात जो मोटी सामग्री शेष रह जाती है, उसे ‘यवकूट चूर्ण’ कहते हैं । चूर्ण का उपयोग पेट में लेने अथवा लेप करने के लिए तथा यवकूट चूर्ण का उपयोग काढे के लिए कर सकते हैं । सर्व चूर्ण एकत्रित भरकर रखने के स्थान पर साधारणतः १५ चम्मच चूर्ण की छोटी-छोटी थैलियां भरें । प्रत्येक थैली पर चूर्ण का नाम और उत्पादन दिनांक लिखकर उन्हें सीलबंद कर हवाबंद डिब्बे में रखें । इससे चूर्ण अधिक सुरक्षित रहता है ।
६. वनस्पतियां एकत्रित करते समय मिलनेवाले बीजों से उनकी रोपाई भी करें !
कुछ वनस्पतियां प्राकृतिक रूप से अधिक मात्रा में उपलब्ध हों, तो उनकी रोपाई करना इष्ट होता है । रोपाई करने से हमारी आवश्यकतानुसार कभी भी वे वनस्पतियां उपलब्ध हो सकती हैं । औषधीय वनस्पतियां एकत्रित करते समय उस वनस्पति का बीज भी अलग निकालकर रखें । जिनके लिए संभव हो, वे इन वनस्पतियों की रोपाई अपने आंगन अथवा कृषि भूमि पर करें । किन वनस्पतियों की रोपाई करनी चाहिए, आगे उस उस वनस्पति की जानकारी में यह दिया गया है ।
७. मार्ग से आते-जाते समय दिखाई देनेवाली वनस्पतियों का निरीक्षण करने की आदत बनाएं !
हम आते-जाते अनेक वनस्पतियां देखते रहते हैं; परंतु हमें यह ज्ञात नहीं होता कि वे औषधीय वनस्पतियां हैं । इस लेख में दी हुई वनस्पतियां सर्वत्र दिखाई देती हैं । ये वनस्पतियां ऐसी हैं, जिन्हें मार्ग से आते-जाते सहजता से पहचाना जा सकता है । इनका तथा अन्य वनस्पतियों का निरीक्षण करने तथा उन्हें पहचानने की हमें आदत बना लेनी चाहिए, जिससे भीषण आपातकाल में हम उनका उपयोग कर पाएं ।
– वैद्य मेघराज माधव पराडकर, सनातन आश्रम, रामनाथी, गोवा. (१८.११.२०२०)
चीनी कपूर के दुष्परिणाम !
वृक्षारोपण कैसे करें ?
आपातकाल की तैयारी स्वरूप वर्षा ऋतु में प्राकृतिक रूप से उगी हुई औषधीय वनस्पतियां संग्रहित...
मदार (रुई) के पौधों का दैनंदिन जीवन में उपयोग
गमले में पौधा कैसे लगाएं और उसकी देखभाल कैसे करें ?
घरके पिछवाडे अथवा बगीचे में लगाई जानेवाली औषधीय वनस्पतियां